इंदौर। गणेशोत्सव के दूसरे दिन भी इंदौर के विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिली। सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त भगवान गणेश के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। गणेशोत्सव के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति ने इस बार विशेष इंतजाम किए हैं।मंदिर समिति ने पहली बार श्रद्धालुओं के लिए 20 करोड़ रुपए की पब्लिक लायबिलिटी इंश्योरेंस पॉलिसी कराई है। यह बीमा महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कवच के रूप में काम करेगा।मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं का 20 करोड़ रुपए का बीमा कराया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश से यही प्रार्थना है कि इस बीमा की जरूरत कभी न पड़े। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।खजराना गणेश मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि मंदिर में पहले भी इंश्योरेंस कराया जाता था, जिसकी राशि करीब 2 करोड़ रुपए थी, लेकिन इस वर्ष पहली बार बीमा राशि बढ़ाकर 20 करोड़ रुपए की गई है।गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा पुलिस बल और सुरक्षा गार्डों की संख्या भी बढ़ाई गई है। मंदिर समिति द्वारा सुगम दर्शन, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।दूसरे दिन भी खजराना गणेश मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन कर रहे हैं।
