इंदौर/सांवेर। बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे में जान गंवाने वाली चंदाबाई, रीनाबाई, सीमाबाई और सुशीलाबाई की गुरुवार को एक साथ शवयात्रा निकली। चारों को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हर आंख नम थी और माहौल गमगीन नजर आया।इस हादसे में चंदाबाई सोनवनिया और रीनाबाई सोनवनिया की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दोनों सगी देवरानी-जेठानी थीं और दोनों के तीन-तीन बच्चे हैं। रीनाबाई के पति लखन की करीब दो साल पहले ही मौत हो चुकी थी। अब मां के निधन के बाद उनके तीनों बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया।वहीं, मृतक सीमाबाई, पति भेरूलाल सोनवनिया भी इसी परिवार से थीं। एक साथ चार महिलाओं की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। अंतिम विदाई के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा, जबकि सांवेर में शोक की लहर छाई रही।
