धार | खबर सत्याग्रहमध्य प्रदेश के धार में भाजपा नेता रॉकी आहूजा की कपड़े की दुकान में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। राजवाड़ा क्षेत्र के एमजी रोड स्थित शिव वस्त्रालय में हुई इस घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी में ही एक युवक द्वारा भाजपा नेता पर स्टूल फेंकने और थप्पड़ मारने का आरोप है। इसके बाद एक महिला ने भी चप्पलों से उनकी पिटाई की। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी सामने आई है।मामले की शुरुआत भाजपा कुशाभाऊ ठाकरे मंडल के नगर महामंत्री रॉकी आहूजा के खिलाफ एक महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत से हुई। महिला ने 9 अक्टूबर को कोतवाली थाने में छेड़छाड़ और धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि मंदिर जाते समय रॉकी आहूजा उसका पीछा करते थे, अश्लील इशारे करते थे और बातचीत नहीं करने पर उसके बच्चों व परिवार को जान से मारने की धमकी देते थे।इसी विवाद के बाद शुक्रवार शाम कुछ लोग रॉकी आहूजा की दुकान में पहुंच गए। आरोप है कि दुकान में उनके साथ मारपीट की गई और तोड़फोड़ भी की गई। घटना के दौरान दुकान के कांच, शोकेस और सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मामले दर्जकोतवाली पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। महिला की शिकायत पर रॉकी आहूजा के खिलाफ छेड़छाड़ और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, रॉकी आहूजा की शिकायत पर आकाश उर्फ विक्की, प्रतीक, राजा और एक महिला के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ तथा पत्थरबाजी के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया है।फिलहाल, मामले में दोनों पक्षों की शिकायतें और आरोप जांच का विषय हैं।
