इंदौर। गरबा आयोजनों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर इंदौर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। विजय नगर स्थित सजन प्रभा गार्डन में आयोजित ‘रास रात्रि’ गरबा महोत्सव के आयोजक रोशनी श्रीवास्तव के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। वहीं, आयोजन की शेष अवधि की अनुमति निरस्त कर गार्डन को सील करने की कार्रवाई की गई।जानकारी के मुताबिक, 14 अक्टूबर को गरबा परिसर में एक अनधिकृत व्यक्ति बिना प्रवेश पास के घुस गया और संदिग्ध अवस्था में मैदान में लेटा मिला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, प्रवेश नियंत्रण और सुरक्षा संबंधी शर्तों का पालन नहीं करने पर आयोजक के खिलाफ धारा 223(A) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, परिसर में अनधिकृत रूप से घुसे अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भी केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।ढोली तारा आयोजन पर भी कार्रवाईदूसरी ओर, ‘ढोली तारा’ गरबा आयोजन में निर्धारित क्षमता 3 हजार लोगों के मुकाबले करीब दोगुनी भीड़ जुटने की बात सामने आई। पर्याप्त बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण रिंग रोड, सर्विस रोड और पीपल्याहाना मार्ग पर जाम की स्थिति बनी।सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संबंधी नियमों के उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने गरबा आयोजनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पुलिस की इस कार्रवाई से आयोजकों में हड़कंप मच गया है।
