दतिया | खबर सत्याग्रहराजनीति में समर्थकों का समर्पण कई बार ऐसी तस्वीरें सामने लाता है, जो लोगों का ध्यान खींच लेती हैं। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के गोराघाट गांव में 25 अक्टूबर को ऐसा ही एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थक सुरेंद्र रावत को स्वयं जूते पहनाए और उनके फीते बांधे।जानकारी के अनुसार, गोराघाट निवासी भाजपा कार्यकर्ता सुरेंद्र रावत ने पिछले तीन वर्षों से संकल्प ले रखा था कि जब तक डॉ. नरोत्तम मिश्रा को कोई बड़ा पद नहीं मिल जाता, तब तक वे चप्पल या जूते नहीं पहनेंगे। इसी संकल्प के चलते वे लगातार नंगे पैर घूम रहे थे।जब डॉ. मिश्रा को अपने समर्थक की इस प्रतिज्ञा और समर्पण के बारे में पता चला, तो गोराघाट में विशेष ‘पादुका ग्रहण समारोह’ आयोजित किया गया। इस दौरान डॉ. मिश्रा ने खुद सुरेंद्र रावत को जूते पहनाए, उनके फीते बांधे और फिर उन्हें गले लगाकर अपना स्नेह जताया। उन्होंने कार्यकर्ता को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित भी किया।इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह प्रसंग चर्चा में है। जहां एक ओर इसे समर्थक की तीन साल पुरानी प्रतिज्ञा और नेता के भावुक अंदाज के रूप में देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ‘पादुका ग्रहण समारोह’ का अनोखा नाम भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।
