इंदौर। आगामी गर्मी में शहरवासियों को पेयजल संकट से बचाने के लिए नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। निगम शहर में 300 नए बोरिंग करवाएगा, जिनमें 100 नलकूप मोटर सहित लगाए जाएंगे। इसके अलावा पानी की सप्लाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए 11 नए टैंकर भी खरीदे जाएंगे। शनिवार को हुई मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि शहर में पानी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए यशवंत सागर से 30 एमएलडी पानी की सप्लाई जारी रहेगी। इसके साथ ही नर्मदा जल की आपूर्ति भी पहले की तरह होती रहेगी। पाइपलाइन लीकेज रोकने और पुरानी लाइनों को दुरुस्त करने के साथ नई पाइपलाइन जोड़ने से शहर में 8 से 9 एमएलडी पानी की अतिरिक्त उपलब्धता बढ़ाई गई है।
गर्मी में बोरिंग सूखने और पानी की मांग बढ़ने की आशंका को देखते हुए टैंकर हाइड्रेंट का नेटवर्क भी तैयार किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में समय पर पानी पहुंचाया जा सके।
311 ऐप से घर बुला सकेंगे ट्रीटेड वॉटर
निगम ने ट्रीटेड वॉटर की ऑन डिमांड सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत लोग 311 ऐप के माध्यम से आवेदन कर निर्धारित शुल्क देकर ट्रीटेड वॉटर अपने घर बुला सकेंगे। निगम का उद्देश्य पानी की बचत और वैकल्पिक जल व्यवस्था को बढ़ावा देना है।
25 करोड़ से यशवंत सागर और सिरपुर का संरक्षण
एमआईसी ने यशवंत सागर और सिरपुर तालाब के वेटलैंड संरक्षण एवं विकास के लिए करीब 25 करोड़ रुपए के इंटीग्रेटेड प्लान को भी मंजूरी दी। इसके अलावा सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए निगम में अलग सोलर एनर्जी विभाग बनाया जाएगा। ऑन डिमांड कचरा कलेक्शन और ग्रीन वेस्ट मैनेजमेंट के लिए एजेंसियां नियुक्त करने के प्रस्ताव भी मंजूर किए गए।
बैठक में शहर में 16 फुट ओवरब्रिज के निर्माण के लिए स्थान तय कर एनआईटी जारी करने, 300 से अधिक दिव्यांगजनों की भर्ती प्रक्रिया शासन की अनुमति से आगे बढ़ाने और पीएम आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को फ्लैट व दुकानों के आवंटन की स्वीकृति भी दी गई। इसके साथ ही 75 वर्ष की आयु पूरी कर चुके निगम पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्यों की लंबित अनुदान राशि जारी करने का निर्णय लिया गया।
