इंदौर। इंदौर के पॉश माने जाने वाले विजय नगर वार्ड क्रमांक 29 में हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। भंडारी हॉस्पिटल के पीछे अनुपम नगर, स्कीम नंबर 54 सेक्टर जी-एच में बोरिंग से गंदा, बदबूदार और मटमैला पानी निकल रहा है। रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यहां भी भागीरथपुरा जैसा बड़ा कांड हो सकता है।क्षेत्र के लोगों के मुताबिक पिछले कई महीनों से पानी में तेज बदबू आ रही है। नल और बोरिंग से निकल रहा पानी पीने लायक तो दूर, नहाने और बर्तन धोने के लायक भी नहीं है। कई घरों में बच्चों और बुजुर्गों के बीमार पड़ने की आशंका से लोग दहशत में हैं।रहवासियों ने सीधा आरोप लगाया है कि नई चैंबर लाइन डाले जाने के बाद से ही यह समस्या शुरू हुई। संदेह है कि सीवरेज का गंदा पानी पेयजल स्रोत में मिल रहा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचने तक की जहमत नहीं उठा रहे।हालात इतने खराब हैं कि लोगों को रोजाना टैंकर बुलवाकर पानी खरीदना पड़ रहा है। एक ओर पानी का संकट, दूसरी ओर जेब पर अतिरिक्त बोझ—रहवासी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जांच कर स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी स्वास्थ्य त्रासदी का इंतजार कर रहा है?
