इंदौर। शहर के विजयनगर थाना क्षेत्र में हुई करीब 8.50 लाख रुपए के मनुका (जेवरात) चोरी मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 50 ग्राम गला हुआ सोना, चोरी का माल और वारदात में उपयोग की गई मोटरसाइकिल जब्त की है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी वारिश खान (22) निवासी धरमपुरी, जिला धार है, जो बेहद शातिर तरीके से अकेले ही चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई चोरी के मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने इंदौर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी चोरी करना स्वीकार किया है।मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी ओमकार पवार (24) को भी गिरफ्तार किया है, जो चोरी के जेवरात को गलाने का काम करता था। आरोपी की निशानदेही पर सोना बरामद किया गया।घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने करीब 280 सीसीटीवी कैमरों की जांच की और साइबर सेल व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद स्थान बदलता रहता था और पहचान छिपाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करता था।फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
