इंदौर के बंगाली चौराहा (छोटा राजवाड़ा) क्षेत्र स्थित प्रीति नगर कॉलोनी में बुधवार तड़के करीब 4 बजे भीषण अग्निकांड में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा उस समय हुआ जब घर के बाहर चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग के दौरान घर में रखे गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक करीब 4 धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा और मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के वक्त पुगलिया परिवार में पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसके चलते कई लोग घर में मौजूद थे और अचानक हुए हादसे में संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया।
हादसे में मृतकों की पहचान विजय सेठिया (65), छोटू सेठिया (22), सुमन (60), मनोज (65), सिमरन (30) और राशि सेठिया (12) के रूप में हुई है।
वहीं घायलों में सौरभ पुगलिया (30), आशीष (30) और हर्षित पुगलिया (25) शामिल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कलेक्टर शिवम वर्मा, कमिश्नर संतोष सिंह सहित प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा।
घटना के बाद कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री तुलसीराम सिलावट और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंत्री विजयवर्गीय ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए SOP तैयार की जाएगी और ईवी चार्जिंग व्यवस्था को लेकर विशेषज्ञों की टीम बनाई जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
