,रात 1 बजे लौटी यात्रा, सैकड़ों श्रद्धालुओं का गमछा पहनाकर भव्य स्वागत
डॉ. आम्बेडकर नगर (महू)। आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण पांच दिवसीय श्री मनकामनेश्वर महादेव तीर्थ यात्रा का समापन देर रात लगभग 1 बजे हुआ। गुजरात के विभिन्न पवित्र स्थलों के दर्शन कर लौटे सैकड़ों श्रद्धालुओं का महूगांव में ग्रामवासियों ने गमछा पहनाकर भव्य स्वागत किया।28 मार्च से प्रारंभ हुई इस यात्रा का आयोजन “समरस भारत, श्रेष्ठ भारत” के ध्येय के साथ पंडित विकास विजय शर्मा के नेतृत्व में किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने कष्टभंजन देव मंदिर, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, भालका तीर्थ, द्वारकाधीश मंदिर, बेट द्वारका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग और पावागढ़ स्थित मां कालका शक्ति पीठ सहित कई पवित्र स्थलों के दर्शन किए।ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी विशाल शर्मा ने बताया कि यह यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा, त्याग और साधना का अद्भुत संगम रही। प्रतिदिन भजन-पूजन और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।यात्रा संयोजक पंडित विकास विजय शर्मा ने कहा कि तीर्थ यात्रा जीवन को नई दिशा देती है। यह आत्मा की शुद्धि और मन की शांति का मार्ग है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को सफल यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए ईश्वरीय कृपा बनाए रखने की कामना की।पावागढ़ में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रा करीब 6 घंटे विलंब से महू पहुंची, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। देर रात भी क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।यात्रा से लौटते समय श्रद्धालुओं के चेहरों पर भगवान के दर्शन की खुशी और यात्रा समाप्त होने की भावुकता साफ झलक रही थी। सभी ने अगले वर्ष पुनः इस यात्रा में शामिल होने का संकल्प लिया।
