स्टेट में गोल्ड, वेस्ट ज़ोन के बाद चेन्नई में नेशनल स्तर पर शानदार प्रदर्शन

महू। शहर की 14 वर्षीय खिलाड़ी भाव्या जाधव ने ‘खेलो इंडिया अस्मिता वूमेंस किकबॉक्सिंग नेशनल लीग’ में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर महू सहित मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। खान कॉलोनी निवासी भाव्या नील रुचि एकेडमी में कोच अभिषेक सिंह राठौर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।भाव्या ने भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय ट्रायल्स में गोल्ड मेडल जीतकर वेस्ट ज़ोन के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया था। इसके बाद वेस्ट ज़ोन प्रतियोगिता में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया और नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयनित हुईं।तमिलनाडु के चेन्नई में आयोजित नेशनल लीग में भाव्या ने +55 किलोग्राम (लाइट कॉन्टैक्ट) वर्ग में भाग लिया। यहां उनका मुकाबला तमिलनाडु और मणिपुर की खिलाड़ियों से हुआ, जहां कड़े मुकाबले के बावजूद उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर उन्हें 8 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि से भी सम्मानित किया गया।भाव्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच और परिवार को देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करना है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
