इंदौर के पास पातालपानी क्षेत्र में स्थित एक रिसोर्ट में हुस्न के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले शातिर गिरोह का बड़गोंदा पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने महू निवासी युवक से 2 लाख रुपये की मांग करने वाली दो महिलाओं समेत एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया है।जानकारी के मुताबिक, पातालपानी के शांत इलाके में स्थित ‘रेनबो रिसोर्ट’ को इस गिरोह ने अपना अड्डा बना रखा था। आरोपी महिलाओं भावना और साधना गुप्ता ने अपने साथी विजय तिलवारी के साथ मिलकर महू निवासी दीपक सिंह रावत को रिसोर्ट में बुलाया और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 2 लाख रुपये की डिमांड की।पीड़ित युवक की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से पूरे गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। मामले का खुलासा होते ही इंदौर के कई अन्य पीड़ित भी सामने आने लगे हैं, जिन्हें इसी तरह बदनामी का डर दिखाकर ठगा गया था।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई लोगों से लाखों रुपये ऐंठ चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के मोबाइल डेटा और कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।पुलिस ने अन्य पीड़ितों से भी आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं और पूछताछ में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
