इंदौर। विजयनगर थाना क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह हमला पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से किया गया था।घटना 4 अप्रैल की रात करीब 1 बजे अनिल नगर इलाके में हुई, जब फरियादी परमिंदर अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी दोपहिया वाहनों से आए 4-5 युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पेट और पैर में चाकू मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया।घटना के बाद घायल युवक कुछ समय तक बयान देने की स्थिति में नहीं था, लेकिन ऑपरेशन के बाद होश में आने पर उसने मुख्य आरोपी वंश उर्फ चीकू का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने सक्रिय मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए वंश चौहान (19) और उसके साथी विजय सोनगरा (18) को गिरफ्तार किया, वहीं दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया।पूछताछ में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लसूड़िया क्षेत्र के श्मशान (मुक्तिधाम) में जाकर छिप गए थे और अगले दिन बड़वाह भागने की फिराक में थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। इस दौरान भागते समय गिरने से दोनों के हाथ-पैर में चोटें आईं, जिनका इलाज एमवाय अस्पताल में कराया गया। खास बात यह रही कि मुख्य आरोपी के उसी हाथ में पट्टी बंधी है, जिससे उसने चाकू से वार किया था।प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने पहले से रैकी कर वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के नेतृत्व में विजयनगर पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
