
इंदौर के जूनी इंदौर क्षेत्र में एक बीजेपी नेता पर महिला से दबंगई, घर में घुसकर धमकाने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने मामले में आरोपी सचिन जेसवानी और उसके साथी नरेंद्र सोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।मामला बीके सिंधी कॉलोनी का है, जहां निवासी देवी ठारवानी ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, विवाद की शुरुआत 25 मार्च को अवैध कार पार्किंग को लेकर हुई थी। उनके किराएदार अखिलेश नामदेव ने मकान खाली करते समय अपनी एक्टिवा सड़क पर खड़ी की थी, जिस पर सचिन जेसवानी से कहासुनी हो गई और उसने अखिलेश के साथ मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।पीड़िता का आरोप है कि 27 मार्च की शाम आरोपी सचिन जेसवानी और नरेंद्र सोनी जबरन उनके घर में घुस आए। उन्होंने धमकाते हुए वीडियो बनाया और किसी भी प्रकार की शिकायत न करने के लिए दबाव बनाया।महिला ने आगे बताया कि 7 अप्रैल को सचिन जेसवानी फिर उनके घर पहुंचा और थाने चलने को लेकर विवाद करने लगा। मना करने पर उसने वीडियो बनाना शुरू कर दिया और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।बताया जा रहा है कि मामले में पहले भी दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी। बाद में बुधवार को टीआई अनिल गुप्ता ने महिला की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की।सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सचिन जेसवानी बीजेपी मंडल वार्ड 65 के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। पार्टी के भीतर गुटबाजी को भी इस पूरे मामले की एक वजह माना जा रहा है।