
भोपाल। इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान शहर के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया गया।मुलाकात के दौरान महापौर ने इंदौर नगर निगम द्वारा हाल ही में प्रस्तुत डिजिटल बजट की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। साथ ही स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत नक्शा शुल्क को सामान्य करने का आग्रह किया, जिससे आम नागरिकों को राहत मिल सके।इसके अलावा जलूद में तैयार सोलर प्लांट को विधिवत शुरू करने को लेकर भी चर्चा हुई। महापौर ने इस परियोजना के शीघ्र शुभारंभ का आग्रह किया। वहीं इंदौर नगर निगम के डिजिटल पोर्टल के संबंध में भी विस्तार से बातचीत की गई और इसके औपचारिक उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया गया।मुलाकात को शहर के विकास और डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
