पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई बनी वजह, मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप
इंदौर के चमेली देवी कॉलेज के बाहर शुक्रवार को दो छात्र गुटों के बीच हुआ विवाद अचानक खूनी झड़प में बदल गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट के साथ चाकू तक चल गए।जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र गुटों के बीच पहले से ही आपसी रंजिश चल रही थी। शुक्रवार को कॉलेज के बाहर आमना-सामना होते ही विवाद फिर भड़क गया। शुरुआत बहस से हुई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की और फिर मारपीट में बदल गई। इसी दौरान कुछ छात्रों ने धारदार हथियार निकाल लिए और हमला कर दिया।इस घटना में कई छात्र घायल हो गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के पीछे पुरानी दुश्मनी और वर्चस्व की लड़ाई मुख्य कारण है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।