
इंदौर के खजराना गणेश मंदिर से जुड़े पुजारी पुनीत भट्ट के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है। उनकी पत्नी इंदिरा भट्ट ने महिला थाने में शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। महिला के मुताबिक पति और ससुराल पक्ष द्वारा 1 करोड़ रुपए नकद और फॉर्च्यूनर कार की मांग की जा रही थी, जिसे पूरा न करने पर उसे प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया गया।महिला थाना टीआई श्रद्धा यादव के अनुसार शिकायत की जांच के बाद दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर केस दर्ज किया गया है। पीड़िता ने इससे पहले पुलिस कमिश्नर कार्यालय में भी जनसुनवाई के दौरान शिकायत दी थी, जिसमें सास, ननद सहित अन्य पर भी गंभीर आरोप लगाए गए थे।पीड़िता का कहना है कि शादी 17 मई 2025 को हुई थी और शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन कुछ महीनों बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया और लगातार दहेज के लिए दबाव बनाया जाने लगा। वहीं आरोपी पुजारी ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।