इंदौर। तुकोगंज क्षेत्र के रुस्तम का बगीचा इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद दो युवतियों ने अपनी सहेली के फ्लैट पर पीड़िता को बुलाया और वहां उसके साथ जमकर मारपीट की। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया।वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि कुछ युवक-युवतियां मिलकर नाबालिग को थप्पड़, लात-घूंसे और डंडों से पीट रहे हैं, जबकि पीड़िता रहम की गुहार लगाती रही।सूत्रों के अनुसार, पीड़िता का क्षेत्र के कुछ युवकों और युवतियों से विवाद हुआ था, जिसका बदला लेने के लिए उसे बहला-फुसलाकर फ्लैट पर बुलाया गया और साजिश के तहत हमला किया गया। घटना के दौरान एक युवक वीडियो बनाता रहा।सूत्रों के अनुसार, पीड़िता डरी हुई है और अब तक थाने में शिकायत दर्ज नहीं करा पाई है। बताया जा रहा है कि उसके माता-पिता नहीं हैं और वह रिश्तेदारों के साथ रह रही है, जिससे वह खुलकर सामने आने से डर रही है।पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही जा रही है।
