“ज्यादा मुनाफे का लालच, भरोसे का खेल और फिर करोड़ों की ठगी—इंदौर में निवेश के नाम पर बड़ा घोटाला सामने आया है।”इंदौर के हीरा नगर थाना क्षेत्र में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। करीब 35 से 40 लोगों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उन्हें अधिक मुनाफे का लालच देकर लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपए का निवेश करवाया गया।फरियादियों के अनुसार, आरोपियों ने अपनी फर्मों के माध्यम से 25 से 85 प्रतिशत तक मुनाफा देने का भरोसा दिलाया और शुरुआत में कुछ निवेशकों को भुगतान कर विश्वास भी हासिल किया। इसके बाद धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश करवाई गई। यह पूरा सिलसिला मार्च 2024 से दिसंबर 2025 के बीच चलता रहा।पीड़ितों का कहना है कि कुछ समय बाद आरोपियों ने भुगतान बंद कर दिया और अब कार्यालय भी बंद कर दिया गया है। मामले में अभी तक न तो एफआईआर दर्ज हुई है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।फरियादियों ने बताया कि उन्होंने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया है, जिस पर सील लगाकर 2 से 3 दिन में जांच करने का आश्वासन दिया गया है। पीड़ितों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपी शहर छोड़ सकते हैं।सभी शिकायतकर्ताओं ने मामले में निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।