इंदौर, थाना लसूड़िया क्षेत्र के स्कीम नंबर 136 स्थित हरसिंगार परिसर के सामने हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है।मामले में सुरेंद्र पाल (36) द्वारा दी गई सूचना के अनुसार 17 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे टहलने के दौरान गार्डन के पास एक अज्ञात व्यक्ति खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला था। जांच में उसकी पहचान कड़वा उर्फ राजाराम दांगोड़े (51), निवासी खरगोन (हाल इंदौर) के रूप में हुई।पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक घटना से पहले एमआर-10 स्थित शराब दुकान पर देखा गया था। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक उसे अपनी मोटरसाइकिल पर ले जाते हुए दिखाई दिया। इसी आधार पर पुलिस ने संदेही प्रमोद वैद्य (25) को चिन्हित कर उसकी तलाश शुरू की।पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने बदला लेने की नीयत से मृतक को सुनसान गार्डन के पास ले जाकर पहले मारपीट की और फिर पत्थर (ब्लॉक) से सिर कुचलकर हत्या कर दी।घटना के बाद भागने के दौरान आरोपी बाइक से गिरकर घायल भी हुआ। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है और उसे रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।इस पूरे मामले में थाना लसूड़िया पुलिस और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही, जिनकी मदद से अज्ञात हत्यारे को पकड़ने में सफलता मिली।
