
इंदौर दिनांक 24 अप्रैल 2026। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव द्वारा निगम के समस्त स्वास्थ्य अधिकारियों, सीएसआई एवं संबंधित अधिकारियों के साथ सीटी बस ऑफिस में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य प्रभारी श्री अश्विनी शुक्ल, अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह सहित समस्त स्वास्थ्य अधिकारी, सीएसआई एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान महापौर श्री भार्गव ने स्वच्छ सर्वेक्षण की गाइडलाइन के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सभी जोन एवं वार्ड स्तर पर अधिकारी प्रातःकालीन समय में फील्ड में उपस्थित रहकर सफाई व्यवस्था का सतत निरीक्षण करें तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होना सुनिश्चित करें।महापौर श्री भार्गव ने स्वच्छता के विभिन्न मानकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों में भी निर्धारित स्वच्छता मापदंडों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बताया कि इंदौर के स्वच्छता अभियान में शहर के जागरूक नागरिकों के साथ-साथ निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।उन्होंने आगे कहा कि आगामी दिनों में *वे स्वयं महापौर परिषद सदस्यों एवं पार्षदों के साथ फील्ड में उपस्थित रहकर* नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करेंगे तथा निरंतर जोन एवं वार्ड क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे।स्वच्छता अभियान को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए *26 अप्रैल को शहर के समस्त हॉस्टल एसोसिएशन के साथ* स्वच्छता के मापदंड एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त शहर में मच्छरों की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।महापौर श्री भार्गव ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समन्वय के साथ कार्य करते हुए इंदौर को पुनः देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाए रखने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
