
इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी नगर में रविवार शाम करीब 5 बजे बालाजी हाइट्स के एक फ्लैट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।फायर ब्रिगेड के अनुसार आग छठे फ्लोर पर स्थित एक बंद फ्लैट में लगी थी। एएसआई शोभाराम मालवीय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।टीआई राजकुमार यादव के मुताबिक घटना के समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था, क्योंकि फ्लैट मालिक कुलदीप डामोर परिवार सहित चारधाम यात्रा पर गए हुए हैं। आग के कारण फ्लैट के अंदर रखा पूरा गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया।घटना के दौरान आसपास के लोगों में दहशत का माहौल रहा, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
