
इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में समय-सीमा (टीएल) के पत्रों के निराकरण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, शिकायतों और आवेदनों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन के निर्देशानुसार सभी शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को लेकर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में यह भी बताया गया कि Mohan Yadav के निर्देशानुसार जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है और सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि किसानों को सुविधा देने के लिए स्लॉट बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और खरीदी व भुगतान समय पर सुनिश्चित हो। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए आमजन से लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई और सभी शासकीय कार्यालयों में पेयजल व बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।पीएनजी कनेक्शन के कार्य में तेजी लाने के लिए कलेक्टर ने आईटीआई के प्रशिक्षित युवाओं की मदद लेने की बात कही। वहीं बैठक में सीएम हेल्पलाइन के पाँच प्रकरणों की रैंडम समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक आयुक्त जनजातीय विकास और पटेल कॉलेज के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए, जबकि एक डाईट कर्मचारी पर 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के आदेश दिए गए।कलेक्टर ने सभी विभागों को यह भी निर्देशित किया कि सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण समय से पहले तैयार किए जाएं, ताकि रिटायरमेंट के तुरंत बाद पेंशन शुरू हो सके और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
