(खबर सत्याग्रह)इंदौर के पिगडंबर चौराहे पर किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को बड़ा चक्काजाम आंदोलन किया। मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (एबी रोड) पर कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान ट्रैक्टरों पर सवार होकर पहुंचे तथा ट्रैक्टरों को सड़क के चारों ओर खड़ा कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। इसके बाद किसान सड़क पर बैठकर जमकर नारेबाजी करने लगे।चक्काजाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई वाहन चालकों ने जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लिया। हालांकि आंदोलन के दौरान मानवता का परिचय देते हुए प्रदर्शनकारियों ने एम्बुलेंस को तुरंत रास्ता दिया, जिससे मरीज को परेशानी न हो।प्रदेश कांग्रेस द्वारा एबी रोड से जुड़े 11 जिलों में 747 स्थानों पर चक्काजाम किया जा रहा है। इंदौर में सुबह 10 बजे से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों का जुटना शुरू हो गया था। आंदोलन में पूर्व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।कांग्रेस के इस प्रदर्शन के कारण एबी रोड पर करीब डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही वाहनों को करीब छह घंटे के लिए डायवर्ट कर दिया था, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
