घर के पास कार में बैठे थे चंद्रनाथ रथ, हमलावरों ने बरसाईं गोलियां
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार देर शाम भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।जानकारी के अनुसार यह वारदात नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम क्षेत्र के डोहरिया मोड़ पर हुई। बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ अपनी कार में सवार थे और अपने घर के पास पहुंचे ही थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चंद्रनाथ रथ की कार दिखाई दे रही है।भाजपा नेताओं ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने के लिए जांच तेजी से की जा रही है।
