इंदौर के नवलखा चौराहे पर यातायात पुलिस ने नशे की हालत में ट्रैक्टर चला रहे चालक को पकड़कर थाना भवरकुआ के सुपुर्द किया। घटना उस समय सामने आई जब यातायात पुलिस की टीम चौराहे पर सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी कर रही थी।ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम ने देखा कि एक ट्रैक्टर चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था और ट्रैक्टर सड़क पर लहराते हुए आगे बढ़ रहा था, जिससे हादसे की आशंका बन रही थी। स्थिति को देखते हुए एएसआई अनिल चौहान और उनकी टीम ने तुरंत ट्रैक्टर को रुकवाया।पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर चालक अत्यधिक नशे में पाया गया। उसके साथ मौजूद अन्य लोग भी शराब के नशे में थे। इसके बाद यातायात पुलिस ने थाना भवरकुआ बीट को सूचना देकर चालक और ट्रैक्टर को वैधानिक कार्रवाई के लिए उनके सुपुर्द कर दिया।यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, क्योंकि यह खुद के साथ-साथ अन्य लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है।
