शराब की बोतलें फेंककर तोड़े घर के कांच, पीड़ित परिवार ने लगाए गंभीर आरोप; पुलिस ने दर्ज किया केस
इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में सूदखोरी और गुंडागर्दी से जुड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार के घर पर देर रात हमला कर गाली-गलौज, पत्थरबाजी और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बताया जा रहा है। मामले में एरोड्रम थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित परिवार के अनुसार क्षेत्र का रहने वाला राज यादव उर्फ राज गोल्डन लंबे समय से सूदखोरी और दबंगई करता आ रहा है। आरोप है कि वह लोगों से भारी ब्याज पर पैसे वसूलता है और विरोध करने पर धमकाने व मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देता है।एफआईआर के मुताबिक 18 मई की रात करीब 1 बजे आरोपी अपने साथी अक्षय और अन्य लोगों के साथ पीड़ित के घर पहुंचा। आरोप है कि घर के बाहर खड़े होकर अश्लील गालियां दी गईं, जान से मारने की धमकी दी गई और शराब की बोतलें फेंककर घर के कांच तोड़ दिए गए। घटना से परिवार भयभीत हो गया।जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं, जिनमें हत्या के प्रयास (धारा 307) का मामला भी शामिल है। वहीं घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घर के बाहर हंगामा और तोड़फोड़ दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों पर वायरल हो रहा है।स्थानीय रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए NSA और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने की मांग उठाई है।बाइट — नरेंद्र रावत, डीसीपीडीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
