
इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में करंट लगने से 13 वर्षीय छात्रा मान्या भाटी की मौत हो गई। मामले की जांच में कार्यक्रम स्थल पर बिजली कनेक्शन लगाने में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।जानकारी के अनुसार घटना 25 अप्रैल की है। सुखनिवास निवासी मान्या भाटी माता पूजन और भजन संध्या कार्यक्रम के दौरान अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान टेंट के पाइप में फैले करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।पुलिस जांच में पता चला कि कार्यक्रम में पुराने और कटे-फटे बिजली तारों का इस्तेमाल किया गया था, जिससे करंट टेंट के पाइपों में फैल गया। परिजनों का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान खुले तारों को लेकर लोगों ने पहले भी सावधानी बरतने की बात कही थी, लेकिन इसे नजरअंदाज किया गया।मृतक छात्रा आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। बताया गया कि उसके पिता प्रॉपर्टी का काम करते हैं।जांच के बाद पुलिस ने सुभाष सोनाने, श्रवण परमार और विनोद राठौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
