
इंदौर की राजेंद्र नगर पुलिस की पूछताछ में अवैध हथियार सप्लाई से जुड़ा मामला सामने आया है। तीन दिन पहले ममता नगर के पास पिस्टल के साथ पकड़े गए युवक से पूछताछ में खुलासा हुआ कि पिछले दो महीनों में इलाके के एक दर्जन से ज्यादा लोगों को हथियार बेचे गए हैं।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक की पहचान द्वारकापुरी निवासी अक्षय शर्मा के रूप में हुई है। टीआई यशवंत बडोले की टीम ने उसे ममता नगर के पास से पिस्टल के साथ पकड़ा था। पूछताछ के दौरान अक्षय ने बताया कि पिस्टल उसे अहीरखेड़ी निवासी चेतन नाथ ने बेची थी।अक्षय के बयान के अनुसार चेतन नाथ पिछले दो महीनों में इलाके में करीब एक दर्जन से अधिक लोगों को पिस्टल बेच चुका है। इसके बाद राजेंद्र नगर पुलिस ने चेतन नाथ के ठिकाने पर दबिश दी, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।पुलिस के अनुसार चेतन नाथ पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे अतुल बंसल हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है और वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।जानकारी के मुताबिक चेतन नाथ द्वारकापुरी की ड्रग माफिया सीमा नाथ का भाई है। उस पर इलाके में अवैध कारोबार से जुड़े होने के आरोप हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी गैंग गतिविधियों में भी शामिल बताया जा रहा है। द्वारकापुरी में गैंगवार की घटनाओं के बीच हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी है।
