बूंद-बूंद पानी को तरसे रहवासी, विधायक रमेश मेंदोला को सौंपा ज्ञापन
भीषण गर्मी के बीच वार्ड 26 में पानी की किल्लत अब लोगों के सब्र का बांध तोड़ने लगी है। लंबे समय से पानी सप्लाई ठप होने और नगर निगम की उदासीनता से परेशान रहवासियों ने सोमवार को क्षेत्रीय विधायक रमेश मेंदोला के निवास पहुंचकर जोरदार विरोध जताया और अपनी समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा।रहवासियों का कहना है कि इलाके में कई दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है, जिसके चलते लोगों को टैंकरों और निजी इंतजामों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। गर्मी के इस दौर में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि घरों का रोजमर्रा का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम को कई बार शिकायत करने के बावजूद सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं, लेकिन जमीन पर कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही। वहीं विधायक रमेश मेंदोला ने समस्या को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों से जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया है।अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर जनता को राहत कब मिलेगी और निगम प्रशासन कब अपनी जिम्मेदारी निभाएगा?
