इंदौर। शहर में बढ़ती पानी की समस्या को लेकर लोगों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को इंदौर के सुखलिया क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 27 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्षद राजू भदोरिया, बब्बू यादव सहित अन्य नेताओं के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर पानी की किल्लत पर नाराजगी जताई।प्रदर्शन के दौरान “निगम प्रशासन पानी दो… पानी दो…” के नारे लगाए गए और जल्द समाधान की मांग की गई। विरोध प्रदर्शन के चलते बापट चौराहे के पास कुछ समय के लिए चक्काजाम जैसी स्थिति बन गई। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी गई।स्थानीय रहवासियों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन समाधान नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
