
इंदौर। ग्रीष्मकाल में पेय पदार्थों की गुणवत्ता जांच के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम टिकरिया राव स्थित एक्वा विंग पैकेज ड्रिंकिंग वॉटर प्लांट से 1040 पैकेज्ड पेयजल बोतलें जब्त की हैं। जांच के दौरान बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और उपयोग संबंधी आवश्यक जानकारी अंकित नहीं पाई गई।खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शिकायत के आधार पर प्लांट का निरीक्षण किया, जहां मौके पर यश प्रेमचंदानी मौजूद मिले। जांच में सामने आया कि प्रिंटिंग मशीन खराब होने के कारण बोतलों पर जरूरी विवरण प्रिंट नहीं किए जा रहे थे। अधिकारियों ने पानी के नमूने जांच के लिए लिए और बिना बैच व दिनांक वाली 1040 बोतलों को जब्त कर लिया। साथ ही प्रिंटिंग मशीन ठीक होने तक कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि लगातार निरीक्षण में कई प्रतिष्ठानों पर वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीयन नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वैध लाइसेंस लेकर ही कारोबार संचालित करें और उसे प्रतिष्ठान में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें।कलेक्टर ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी खाद्य प्रतिष्ठान में लाइसेंस प्रदर्शित नहीं हो या मिलावट एवं अनियमितता की आशंका हो, तो इसकी शिकायत कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181 पर करें, ताकि त्वरित जांच और कार्रवाई की जा सके।
