
इंदौर और धार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान अवैध हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी चेतन नाथ पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जबकि उसका साथी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर इंदौर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध पिस्टल सप्लाई करने के आरोप हैं।पुलिस के मुताबिक राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से फरार चल रहे आरोपी चेतन नाथ निवासी अहीरखेड़ी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। उस पर द्वारकापुरी और राजेंद्र नगर इलाके में करीब एक दर्जन लोगों को अवैध हथियार सप्लाई करने का आरोप है।जानकारी के अनुसार करीब 12 दिन पहले राजेंद्र नगर पुलिस ने अक्षय शर्मा को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में अक्षय ने चेतन नाथ का नाम उजागर करते हुए बताया था कि चेतन कई लोगों को अवैध पिस्टल बेच चुका है। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।रविवार को धार जिले के नौगांव थाना पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने संजय उर्फ सत्या को गिरफ्तार कर उसके पास से एक देशी पिस्टल और मोपेड बरामद की। हालांकि मौके पर मौजूद चेतन नाथ पुलिस को देखकर फरार हो गया।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार चेतन नाथ पर हत्या, लूट और मारपीट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। बताया गया है कि वह हाल ही में एक हत्याकांड के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद वह अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में सक्रिय हो गया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी चेतन नाथ की तलाश में जुटी है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
