
इंदौर, 25 मई 2026 कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन सुनिश्चित करने हेतु सतत निरीक्षण एवं सैंपलिंग कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 25 मई 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 17 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए।*हेडली पिज़्ज़ा रेस्टोरेंट पर सख्त कार्रवाई* सी-21 मॉल के सामने, जेमिनी मॉल स्थित हेडली पिज़्ज़ा रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर मैनेजर गणेश शर्मा उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के किचन एवं स्टोरेज क्षेत्र में गंभीर अनियमितताएं एवं अस्वच्छ परिस्थितियां पाई गईं। किचन में पर्याप्त साफ-सफाई नहीं पाई गई तथा फ्रिज खोलने पर एवं किचन के फर्श पर कॉकरोच चलते हुए दिखाई दिए। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थ निर्माण में उपयोग किया जा रहा तेल अत्यधिक जला हुआ एवं काला पाया गया। खाद्य अपशिष्ट हेतु रखे गए डस्टबिन खुले पाए गए तथा तैयार खाद्य पदार्थ बिना ढके हुए पाए गए। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए, पेस्ट कंट्रोल का उचित रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किया गया तथा पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई। स्टोर रूम में खाद्य पदार्थों का भंडारण अव्यवस्थित पाया गया। निरीक्षण के दौरान बिना बैच नंबर एवं पैकिंग डेट वाले नमक का उपयोग किया जाना पाया गया। खाद्य पदार्थ रखने के रैक एवं मॉकटेल निर्माण क्षेत्र में भारी मात्रा में जंग पाई गई।मौके से पनीर, दही, जला हुआ तेल एवं नमक के कुल 04 नमूने जांच हेतु लिए गए, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। पाई गई गंभीर अनियमितताओं के संबंध में संबंधित फर्म एवं प्रोपराइटर को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी किया जा रहा है। संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने की स्थिति में लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।*इंपोर्टेड फूड की लेबल स्क्रूटनी हेतु कार्रवाई* FSSAI द्वारा इंपोर्टेड फूड उत्पादों की लेबलिंग संबंधी शिकायतों के आधार पर देशभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। उक्त निर्देशों के परिपालन में आज इंदौर में भी इंपोर्टेड फूड उत्पादों के सर्विलांस नमूने लिए गए। स्कीम नंबर 78 स्थित G R Mart (7 Course) का निरीक्षण कर इंपोर्टेड फूड के कुल 07 नमूने जांच हेतु लिए गए। इसी क्रम में मिस्टर बीन, स्कीम नंबर 78 से इंपोर्टेड फूड के कुल 05 नमूने जांच हेतु लिए गए।*CM हेल्पलाइन शिकायत पर कार्रवाई* सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत पर कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा शिकायतकर्ता से दूरभाष पर चर्चा की गई। शिकायतकर्ता द्वारा मंचूरियन राइस खराब एवं बासी परोसे जाने की शिकायत की गई थी। इसके पश्चात ओल्ड कलकत्ता रोल का निरीक्षण किया गया एवं मंचूरियन राइस का 01 नमूना जांच हेतु लिया गया। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के संबंध में सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। की गई कार्रवाई से शिकायतकर्ता को अवगत कराया गया, जिस पर उनके द्वारा संतुष्टि व्यक्त की गई। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा है कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य निर्माण, उचित भंडारण एवं वैध खाद्य मानकों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट किया कि गंभीर अनियमितता, गंदगी अथवा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

