गुना विधायक पन्नालाल शाक्य, बोले— नकारा मंत्रियों को हटाओ, मुख्यमंत्री से करूंगा शिकायत”
गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपनी ही सरकार के दो मंत्रियों पर निशाना साधते हुए उन्हें “नकारा मंत्री” बता दिया, जबकि प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की जमकर तारीफ की।एक कार्यक्रम के दौरान पन्नालाल शाक्य ने कहा कि ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर जमीन से जुड़े जनप्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा, “प्रधुम्न सिंह तोमर इतने सक्रिय हैं कि लगता है बिजली के पोल पर भी चढ़ जाएंगे और जरूरत पड़े तो नाली में भी उतर जाएंगे। ऐसे जनसेवक जनता के बीच रहकर काम करते हैं।”इसके साथ ही शाक्य ने बिना नाम लिए दो मंत्रियों पर हमला बोलते हुए कहा कि जो मंत्री मुख्यमंत्री की छवि खराब करने का काम कर रहे हैं, उन्हें मंत्रिमंडल में रहने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं मुख्यमंत्री से निवेदन करूंगा कि जो नकारा मंत्री सरकार और मुख्यमंत्री को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें हटाया जाए।”अपने संबोधन में शाक्य ने प्रभारी मंत्री को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि एक अवसर पर उन्हें हवाई पट्टी पर महाराज (ज्योतिरादित्य सिंधिया) के साथ चलने से रोक दिया गया था। शाक्य ने तंज कसते हुए कहा, “वो प्रभारी मंत्री तो महाराज से भी बड़े बनते हैं। उन्होंने मुझे ऐसे हटा दिया जैसे मेरी कोई अहमियत ही नहीं हो।”भाजपा विधायक ने यह भी कहा कि उनकी जीत किसी नेता या मंत्री की वजह से नहीं, बल्कि जनता के समर्थन से हुई है। उन्होंने कहा, “मैं किसी के कारण नहीं जीता हूं, मुझे जनता ने जिताया है।”शाक्य के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर अटकलें तेज हैं कि उनका इशारा किन मंत्रियों की ओर था और उनके बयान के क्या राजनीतिक मायने निकाले जाएंगे।
