चुनाव बाद हिंसा प्रभावित कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे टीएमसी नेता, वायरल वीडियो से बंगाल की राजनीति गरमाई
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने पहुंचे अभिषेक बनर्जी को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार, दौरे के दौरान कुछ लोगों ने उनका घेराव कर नारेबाजी की। इस दौरान उनके ऊपर अंडे फेंके जाने और धक्का-मुक्की की घटना भी सामने आई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अभिषेक बनर्जी सफेद शर्ट और सुरक्षा के लिए हेलमेट पहने हुए भीड़ के बीच से निकलते नजर आ रहे हैं। वीडियो में प्रदर्शनकारी उनके खिलाफ नारे लगाते और उनके करीब पहुंचने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।तृणमूल कांग्रेस ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे गंभीर मामला बताया है। पार्टी ने विरोध प्रदर्शन को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधा, जबकि विपक्ष ने राज्य सरकार और टीएमसी पर जनता के आक्रोश का सामना करने का आरोप लगाया है।घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। मामले को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी जारी है और यह मुद्दा राज्य की सियासत में नया विवाद बनता नजर आ रहा है।
