इंदौर। मध्य प्रदेश में सोमवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। इंदौर, देवास, शाजापुर समेत कई जिलों में तेज आंधी, धूल भरी हवाओं और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी, लेकिन कुछ देर के लिए जनजीवन भी प्रभावित रहा। इंदौर के कनाड़िया क्षेत्र में तेज हवाओं के चलते बवंडर उठता दिखाई दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वहीं देवास में तेज हवा और आंधी के कारण माता टेकरी स्थित रोपवे हिलने लगे। अचानक मौसम बिगड़ने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
इंदौर शहर के कई इलाकों में धूल का गुबार छा गया और तेज हवाओं के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों का सहारा लेना पड़ा। इसके बाद कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश भी हुई। शाजापुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी आंधी-तूफान के साथ बारिश दर्ज की गई।
मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज हुई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। तेज हवाओं के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूटने और बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की भी खबरें सामने आई हैं। प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने की अपील की है।
