इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के जनता क्वार्टर में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली गाली-गलौज और पुरानी रंजिश के चलते तीन आरोपियों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद परदेशीपुरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार 31 मई की रात करीब 11 बजे जनता क्वार्टर निवासी जयेश संकट अपने दोस्तों मंगू सरदार उर्फ राजदीप सिंह पांधा और नितिन राव के साथ जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान मंगू सरदार और कालू मराठा के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर कालू मराठा और गोल्डी उर्फ गुरुविंदर सिंह ने मिलकर मंगू सरदार के साथ मारपीट की और चाकू से उसके सिर एवं नाक पर गंभीर चोट पहुंचाई। वहीं विनोद उर्फ पन्नू ने भी उसके साथ हाथापाई की। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले में परदेशीपुरा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 312/2026 दर्ज कर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी कालू मराठा (21), गोल्डी उर्फ गुरुविंदर सिंह (41) और विनोद उर्फ पन्नू (48) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व से भी करीब आधा दर्जन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त श्री संतोष सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री अमन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री अमरेंद्र सिंह तथा सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री हिमानी मिश्रा के निर्देशन में की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी परदेशीपुरा आर.डी. कानवा, उपनिरीक्षक दीपक जामोद, प्रधान आरक्षक राजकुमार दुबे तथा आरक्षक जयवेंद्र गुर्जर, पंकज पाटिल, मोहर सिंह, नवीन, लवकेश, दिनेश गोलाने, सोहन मैड़ा, जितेंद्र और अश्विनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
