इंदौर। हीरा नगर चौराहे पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। एक सवारी बस ने दुपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गया। मौके पर मौजूद हीरा नगर थाना प्रभारी सुशील पटेल की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते युवक सुरक्षित बच गया।जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी सुशील पटेल अपनी थाना मोबाइल टीम के साथ क्षेत्र में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उनके सामने ही एक यात्री बस ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चौराहे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।हादसे में युवक तो सुरक्षित बच गया, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल बस के अगले पहिए में फंस गई। स्थिति को देखते हुए टीआई पटेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर जैक मंगवाया। पुलिस जवानों और स्थानीय लोगों की मदद से बस के अगले हिस्से को जैक की सहायता से ऊपर उठाया गया, जिसके बाद पहिए में फंसी मोटरसाइकिल को सुरक्षित बाहर निकाला गया।राहत की बात यह रही कि युवक को केवल मामूली खरोंचें आईं और किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय रहते पुलिस हस्तक्षेप नहीं करती तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।घटना के चलते कुछ समय के लिए चौराहे पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की कतार लग गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए यातायात को नियंत्रित किया, जाम हटवाया और सड़क पर आवागमन को जल्द ही सामान्य कर दिया।स्थानीय नागरिकों ने थाना प्रभारी सुशील पटेल और उनकी टीम की मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल एक बड़ा हादसा टला, बल्कि मौके पर व्यवस्था भी तेजी से बहाल कर दी गई। हीरा नगर पुलिस की इस संवेदनशील और सक्रिय कार्यशैली की क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
