
इंदौर के सरकारी सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल परिसर में अवैध शराब तस्करी का मामला सामने आया है। सोमवार रात संयोगितागंज पुलिस को सूचना मिली कि अस्पताल परिसर में खड़ी एक अल्टो कार (MP-13 ZU-9493) में भारी मात्रा में शराब रखी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें डिक्की से 16 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। जांच के दौरान कार से रोहित पिता अनूप पवार (22) निवासी पीथमपुर, धार के आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब की बिक्री और तस्करी की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
