Oplus_131072
खबर सत्याग्रह | नई दिल्लीउत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब प्रकाश विहार में स्थित चार मंजिला रिहायशी इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। राहत की बात यह रही कि प्रशासन और स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते भवन को पहले ही खाली करा लिया गया था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार, करावल नगर के प्रकाश विहार में उत्तर प्रदेश सीमा से सटे क्षेत्र में यह घटना बुधवार शाम करीब 6:38 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इमारत अचानक तेज आवाज के साथ जमींदोज हो गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमारत के समीप उत्तर प्रदेश क्षेत्र में नागरिक विभाग द्वारा नाले के निर्माण और मरम्मत का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे भवन में दरारें दिखाई देने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तत्काल इमारत को खाली करा लिया था।शाम होते-होते दरारें और गहरी हो गईं तथा करीब साढ़े छह बजे पूरी चार मंजिला इमारत ढह गई। हादसे के बाद पुलिस, दमकल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मलबे की जांच शुरू की। राहत एवं बचाव दल ने मलबे में किसी के फंसे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान भी चलाया, लेकिन कोई हताहत नहीं मिला।स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले के निर्माण कार्य के दौरान बरती गई लापरवाही के कारण इमारत की नींव कमजोर हो गई, जिससे यह हादसा हुआ।
