रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी के बाद देश में राजनीतिक और आर्थिक बहस तेज हो गई है। केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत 942 रुपये पहुंच गई है। हालांकि पेट्रोलियम मंत्रालय का कहना है कि भारत में अब भी घरेलू उपभोक्ताओं को दुनिया और पड़ोसी देशों की तुलना में काफी सस्ती गैस मिल रही है। मंत्रालय के मुताबिक प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को प्रभावी तौर पर 642 रुपये में सिलिंडर मिल रहा है, जबकि इसकी वास्तविक लागत 1600 रुपये से ज्यादा पहुंच चुकी है।
