
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निवेश आकर्षण प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। वैश्विक कंज्यूमर हेल्थकेयर कंपनी हेलियन (Haleon) मध्यप्रदेश के पीथमपुर स्थित स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में अपनी भारत की पहली मैन्युफैक्चरिंग इकाई स्थापित करने जा रही है। लगभग 2000 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना का भूमि-पूजन 8 जून को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा।यह निवेश मुख्यमंत्री डॉ. यादव के यूनाइटेड किंगडम प्रवास के दौरान हुए निवेश संवादों और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ हुई चर्चाओं का परिणाम माना जा रहा है। प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं और निवेश-अनुकूल वातावरण से प्रभावित होकर हेलियन ने मध्यप्रदेश में अपना निवेश विस्तार करने का निर्णय लिया।पीथमपुर के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 40 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित होने वाली यह अत्याधुनिक इकाई मुख्य रूप से ओरल हेल्थ उत्पादों के निर्माण पर केंद्रित होगी। यहां तैयार होने वाले उत्पाद देश की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ एशिया-प्रशांत, मध्य-पूर्व और अफ्रीका के कई देशों में निर्यात किए जाएंगे।हेलियन विश्व की अग्रणी कंज्यूमर हेल्थकेयर कंपनियों में शामिल है। कंपनी के लोकप्रिय ब्रांडों में सेंसोडाइन, क्रोसिन, ईनो, ओट्रिविन, आयोडेक्स, सेंट्रम और ऑस्टोकैल्शियम शामिल हैं। 170 से अधिक देशों में मौजूदगी रखने वाली यह कंपनी स्वास्थ्य और स्व-देखभाल क्षेत्र में वैश्विक पहचान रखती है।इस परियोजना से प्रदेश में लगभग 500 प्रत्यक्ष और 500 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही स्थानीय एमएसएमई इकाइयों, सप्लायर नेटवर्क, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और अन्य सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। कंपनी ने कम से कम 30 प्रतिशत महिला कार्यबल की भागीदारी सुनिश्चित करने और स्थानीय युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने की भी योजना बनाई है।राज्य सरकार का मानना है कि हेलियन की यह परियोजना मध्यप्रदेश को वैश्विक विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। यह निवेश प्रदेश के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और विदेशी निवेश को नई गति प्रदान करेगा।
