इंदौर। थाना द्वारकापुरी पुलिस ने विदुर नगर स्थित एक कैफे में हुई हत्या की गुत्थी को महज कुछ घंटों में सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वारदात पुरानी रंजिश और आपसी कहासुनी के चलते सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद लगातार दबिश और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।द्वारकापुरी पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से हत्या की गुत्थी जल्द सुलझ गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा वैधानिक कार्रवाई के साथ विस्तृत विवेचना की जा रही है।पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।
