इंदौर। शहर के उषा नगर क्षेत्र में रविवार सुबह भाजपा नेता वीरेंद्र शेडगे के कार्यालय पर कुछ अज्ञात युवकों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में कार्यालय का कांच टूट गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत शनिवार रात डॉग घुमाने और बिल्डिंग परिसर में गंदगी करने को लेकर हुई थी।बताया जा रहा है कि शनिवार रात बिल्डिंग के बाहर डॉग घुमाने के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने के बाद रविवार सुबह कुछ युवकों ने वीरेंद्र शेडगे के कार्यालय पर पथराव कर दिया। घटना में कार्यालय की खिड़की का कांच क्षतिग्रस्त हो गया।सूत्रों के अनुसार दोनों पक्ष स्वयं को भाजपा समर्थक बता रहे हैं और अलग-अलग गुटों से जुड़े होने की चर्चा है। मामला विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-4 का है, जहां वीरेंद्र शेडगे भाजपा नेता एवं क्षेत्र प्रभारी के रूप में सक्रिय हैं।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पथराव करने वाले युवकों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच के बाद उचित कार्रवाई की बात कही है।
