इंदौर। मूसाखेड़ी स्थित मयूर नगर में रहने वाले रणजीत सिंह राजपूत के परिवार पर देर रात करीब 2:30 बजे जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जतिन शिंदे, मुकेश शिंदे, रीतिक शिंदे और अभय शिंदे समेत अन्य लोगों ने मिलकर उनके घर पर हमला किया।परिवार के अनुसार हमले में दो लोगों को चाकू मारे गए, जिससे उनके पेट में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं घर की महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें लाठी-डंडों से पीटा गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष के विनोद शिंदे ने भी महिलाओं के साथ मारपीट की, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।पीड़ित परिवार का कहना है कि गंभीर चोटों और चाकूबाजी की घटना के बावजूद पुलिस ने साधारण धाराओं में मामला दर्ज किया और उचित कार्रवाई नहीं की। परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के कारण क्षेत्र में कभी भी बड़ी घटना हो सकती है।फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
