शहर की मशहूर सराफा चौपाटी सोमवार देर रात उस समय रणक्षेत्र में बदल गई, जब एक मामूली बात ने देखते ही देखते हिंसक विवाद का रूप ले लिया। हाथ धोते समय उछले पानी के छींटों को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही मिनटों में मारपीट में बदल गई, जिससे चौपाटी पर अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक देर रात सराफा चौपाटी घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान वे एक खाद्य दुकान के पास हाथ धो रहे थे। हाथ झटकने के दौरान पानी के छींटे दुकान पर रखे खाने के सामान पर जा गिरे। इस बात पर दुकानदार और युवकों के बीच बहस शुरू हो गई। शुरुआत में मामला सामान्य तकरार तक सीमित था, लेकिन दोनों पक्षों के तेवर गर्म होते ही विवाद बढ़ गया।मौके पर मौजूद लोगों ने समझाइश देकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती चली गई और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। कुछ देर के लिए चौपाटी क्षेत्र में हंगामे जैसा माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही सराफा पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद में शामिल लोगों को थाने ले गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।सराफा थाना प्रभारी राजकुमार लिटोरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह पानी के छींटे पड़ना सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।शहर की सबसे लोकप्रिय खानपान स्थली पर हुई इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती आक्रामकता किस तरह सार्वजनिक स्थानों की शांति भंग कर रही है।
