Oplus_131072
सुरक्षाकर्मियों ने नियम भूलकर खिंचवाई सेल्फी
उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था एक वायरल वीडियो के बाद सवालों के घेरे में आ गई है। फिल्म पुष्पा के किरदार की तर्ज पर साड़ी-ब्लाउज, नथनी, पायल और नींबू की माला पहनकर एक युवक मंदिर परिसर में प्रवेश कर गया। आश्चर्य की बात यह रही कि मंदिर में नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी संभाल रहे कई सुरक्षाकर्मी उसके साथ सेल्फी और फोटो खिंचवाते नजर आए।जानकारी के अनुसार महाकाल मंदिर परिसर में फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित है तथा अनुचित वेशभूषा में प्रवेश को भी अनुमति नहीं है। इसके बावजूद युवक मानसरोवर गेट से अंदर पहुंच गया और आरोप है कि उसे विशेष प्रोटोकॉल के तहत गणेश मंडपम तक दर्शन भी कराए गए। इस दौरान उसने मंदिर परिसर में वीडियो रिकॉर्डिंग की, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।दो दिन पहले वायरल हुए वीडियो में सुरक्षा कर्मियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठे हैं। श्रद्धालुओं के लिए सख्त नियम लागू होने के बावजूद सुरक्षाकर्मी स्वयं नियमों की अनदेखी करते दिखाई दिए। मामले के सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जा रही है।
