खबर सत्याग्रह | इंदौरइंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक ठेकेदार पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी ठेकेदार पर लगातार चाकू से हमला करता दिखाई दे रहा है।जानकारी के अनुसार, घायल ठेकेदार शानू की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोबारा कहासुनी और गाली-गलौज के दौरान आरोपी आरिफ बरकाती कथित तौर पर चाकू लेकर पहुंचा और ठेकेदार पर कई वार कर दिए।हमले के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया। सूचना मिलते ही खजराना थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आरिफ बरकाती को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
