इंदौर। इंदौर के सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सीएचएमओ कार्यालय के पीछे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। शव पालिका प्लाजा के पीछे स्थित मंदिर के ओटले पर पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि युवक की पत्थर से वार कर हत्या की गई है और बाद में शव को घटनास्थल पर लाकर फेंका गया है। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की जानकारी खंगालने के साथ उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।घटना की जांच के तहत पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपी और पूरी घटना का सुराग मिल सके। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
